देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में करेंगी प्रतिभाग
नैनीताल- कुमाऊं विश्वविद्यालय में 4 नवंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने बताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहला दिन होगा। जब देश की राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। यह पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। दीक्षांत समारोह का आयोजन 4 नवंबर को दोपहर 3 से 4 बजे के बीच किया जाएगा।
जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि समारोह में 90 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, 234 छात्रों को पीएचडी, 3 को डी. लिट., 7 को विशेष पुरस्कार और 16,183 विद्यार्थियों को स्नातक व स्नातकोत्तर की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और डीएसबी परिसर के ए.एन. सिंह हॉल में तैयारी की जा रही है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने इस वर्ष कई शैक्षणिक और शोध गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही बहुत ही जल्द विश्वविद्यालय का तीसरा परिसर भी खोला जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय पंत, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रंजीत तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


