(बड़ी खबर)- प्रदेश की बेटियों के लिए ऐतिहासिक कदम होगा यूसीसी- रेखा आर्या

ख़बर शेयर करें

नैनीताल 26 जनवरी प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होना प्रदेश की बेटियों के लिए ऐतिहासिक कदम होगा । रविवार को गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेड की सलामी लेने नैनीताल पहुंची कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने यह बात कही।

नैनीताल के डीएसए मैदान में पुलिस और पीएसी के जवानों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को सलामी दी।कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विशेष वाहन पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संविधान रचयिता बाबा भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि किसी समाज की प्रगति उस समाज की महिलाओं की प्रगति के पैमाने पर मापी जाती है। केंद्र और राज्य सरकार ने इसी विचार को चरितार्थ करते हुए प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए तमाम योजनाएं शुरू की है। महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 2014 से पहले प्रदेश का लिंगानुपात की स्थिति खराब थी लेकिन अब यह बढ़कर 960 प्रति हजार हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू होने वाला यूसीसी कानून महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश की बेटियां परिवार में बेटों की तरह संपत्ति पर मालिकाना हक पा सकेंगी। मंत्री ने कहा कि पहले लोग सवाल उठाते थे कि हम नेशनल गेम्स जैसा बड़ा खेल आयोजन कैसे कर पाएंगे लेकिन प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाए तैयार करके इन आशंकाओं को निर्मूल साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि संभवत उत्तराखंड पहला ऐसा राज्य है जो राष्ट्रीय खेलों की सभी इवेंट अपने प्रदेश की सीमा के भीतर ही करवा पा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी वंदना सिंह, डीआईजी योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी पीएन मीणा, अपर जिला अधिकारी पी आर चौहान, सयुंक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, एसडीएम प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।

76 वां गणतंत्र दिवस जनपद नैनीताल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी सरकारी/अर्द्धसरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर, नैनीताल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों और गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 26 जनवरी, 1950 को हमारे देश में संविधान लागू किया गया था, जिसके उपलक्ष्य में हम सभी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा हमारे देश का लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र है। उन्होंने कहा लोकतंत्र में सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं और हमारे देश के संविधान में अनेक खूबियां हैं, हम सबको इन्हें आत्मसात करना चाहिए। हमें देश के प्रत्येक नागरिक के साथ भेदभाव की भावना त्याग कर समान व्यवहार करना चाहिए और सभी को प्रतिष्ठा और अवसर की समानता देनी चाहिए। जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त कार्मिकों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर डीएम ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों और समाज सेवियों को सम्मानित किया। जिनमें सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल चंद्र आर्या, सहायक कृषि अधिकारी ममता जोशी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियान्त्रिकी सलाहकार जितेंद्र कुमार भाष्कर, नगर पंचायत लालकुआ के ईओ राहुल कुमार सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिल्पा जोशी, जेसीबी चालक सुनील कुमार, शिप्रा कल्याण समिती अध्यक्ष जगदीश नेगी शामिल है।

दुर्घटना में घायलों में रेस्क्यू करने वाले हुए सम्मानित

जनपद मुख्यालय स्थित डीएसए मैदान में रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया| इस दौरान पुलिस परेड आयोजित की गई| बीते दिनों भीमताल में हुई रोडवेज बस दुर्घटना में त्वरित बचाव कार्य में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया|
सम्मानित होने वालों में भीमताल निवासी शरद पांडे, गोविंद राणा, प्रकाश चंद्र चंदोला, त्रिलोक बोरा, मनीष जोशी, रवि कुमार, अरुण कांडपाल, नितिष राणा, मनोज शामिल रहे। मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्य़ा ने इन सभी की प्रशंसा की। कहा कि इन्ही की तरह हम सभी को अपनी जिम्मेदारियां समझनी होंगी।

इससे पूर्व जिलाधिकारी वंदना सिंह ने डांट में महात्मा गाँधी, दर्शन पार्क में शहीद मेजर राजेश अधिकारी, भीम राव अम्बेडकर और पंत पार्क में गोविन्द बल्ल्भ पंत की मूर्ति में माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान पीआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार नैनीताल मनीषा मरकाना, आदि मौजूद रहे|

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page