केंद्रीय विद्यालय हल्द्वानी में चंद्रयान 3 मिशन: ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं परिणामों पर व्याख्यान

ख़बर शेयर करें

केन्द्रीय विद्यालय, हल्द्वानी में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के अन्तर्गत चंद्रयान 3 की सफलता पर व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपेन्द्र सिंह रावत को आमंत्रित किया गया। उप प्रधानाचार्य श्री बाबू राम ने डॉ. रावत का स्वागत कर विद्यालय के आमंत्रण को स्वीकार करने हेतु धन्यवाद दिया। कार्यक्रम समन्वयक श्री नवनीत कुमार ने डॉ. रावत एवं उनकी उपलब्धियों का परिचय छात्र छात्राओं से करवाया। अपने व्याख्यान के दौरान डॉ. रावत ने भारत के चंद्रयान मिशनों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए चंद्रयान 2 की हार्ड लैंडिंग से संबंधित विभिन्न जानकारियां छात्र छात्राओं से साझा की। चंद्रयान 3 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग एवं प्रज्ञान रोवर द्वारा चंद्रमा की सतह पर किए गए विभिन्न प्रयोगों द्वारा सल्फर, ऑक्सीजन, एल्यूमिनियम, आयरन, कैल्शियम आदि तत्वों की खोज के बारें में बताने के साथ साथ उनके पृष्ठभूमि में होने वाले भौतिक तथ्यों के बारे में जानकारी दी। प्रयोगों के दौरान आए एक भूकंप की घटना को भी ILSA उपकरण द्वारा रिकॉर्ड किए जानें तथा चन्द्रमा की सतह पर प्लाज्मा घनत्व के बारे एवं इसके संचार तन्त्र में होने वाले प्रभावों के बारे में भी उन्होने बताया। आदित्य मिशन का संक्षिप्त परिचय भी उन्होंने प्रस्तुत किया। इसी क्रम में उन्होंने देश के आने वाले मिशन चंद्रयान 4, गगनयान, पुष्पक के बारे में भी छात्र छात्राओं को बताया।
उन्होंने छात्र छात्राओं से विज्ञान को व्यवहारिक जीवन में उतारने हेतु अनुरोध किया एवं उच्च शिक्षा/विज्ञान/इंजीनियरिग में कैरियर की संभावनाओं से अवगत करवाया। प्रोफेसर कमल घनशाला के नेतृत्व में ग्राफिक एरा संस्थानों के सफर एवं सफलताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने उच्च शिक्षा/इंजीनियर/चिकित्सा शिक्षा में विश्वविद्यालय एवं विभिन्न परिसरों में चल रहे शैक्षिक, शिक्षण सह एवं शोध कार्यों से श्रोताओं को अवगत करवाया।
प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान उन्होंने छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर दिया। अंत में भौतिकी प्रवक्ता श्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने डॉ. रावत का उक्त व्याख्यान एवं समारोह में शामिल होने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त अवसर पर उप प्रधानाचार्य श्री बाबू राम, कार्यक्रम समन्वयक श्री नवनीत कुमार, श्री प्रेम प्रकाश पांडेय, श्री विनय शर्मा, श्री रितिक जोशी समेत शिक्षक एवं कक्षा 11 एवं 12 के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page