नैनीताल की ऐतिहासिक एवं धार्मिक संस्था राम सेवक सभा द्वारा 16 से 23 सितम्बर तक श्री नन्दा देवी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन
नैनीताल। नैनीताल की ऐतिहासिक एवं धार्मिक संस्था राम सेवक सभा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला श्री नन्दा देवी महोत्सव-2026 इस वर्ष भी पारंपरिक धार्मिक आस्था, संस्कृति एवं लोककला के विविध रंगों के साथ भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। महासचिव जगदीश बवाड़ी ने जानकारी देते हुए बताया की महोत्सव का शुभारंभ 16 सितंबर को होगा तथा 23 सितंबर को डोला नगर भ्रमण एवं विसर्जन के साथ आठ दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
महोत्सव के कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर को उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद 17 सितंबर को कदली वृक्ष का नगर भ्रमण होगा। सुखाताल में भव्य स्वागत के उपरांत तल्लीताल वैष्णव देवी मंदिर में स्वागत एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। तत्पश्चात विशाल जुलूस के साथ कदली वृक्ष नगर भ्रमण करेगा तथा सायंकाल नैना देवी मंदिर में कदली वृक्षों की पूजा होगी।
18 सितंबर को मूर्ति निर्माण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से राम सेवक सभा प्रांगण में स्कूली बच्चों की क्विज प्रतियोगिता एवं लोकगीत प्रतियोगिता होगी।
19 सितंबर को नन्दा अष्टमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं द्वारा मां नन्दा-सुनन्दा की पूजा-अर्चना एवं दर्शन किए जाएंगे। 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से पंचआरती, प्रसाद वितरण, रात्रि में देवी पूजन तथा देवी भोग का आयोजन होगा। इसी अवधि में राम सेवक सभा प्रांगण एवं तल्लीताल डांठ में शाम 6:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
20 सितंबर को नवमी के दिन प्रातः 10 बजे दुर्गा सप्तमी पाठ एवं हवन तथा दोपहर 1 बजे से कन्या पूजन किया जाएगा।
21 सितंबर को दिन में 1 बजे से डीएसए मैदान में महाभंडारे का आयोजन होगा। 22 सितंबर को दोपहर 2 बजे से सुन्दरकाण्ड एवं नन्दा चालीसा पाठ तथा शाम 7 बजे दीपदान कार्यक्रम नैनी झील में आयोजित किया जाएगा।
23 सितंबर को प्रातः देवी पूजन के पश्चात दोपहर 12 बजे से नगर में डोला भ्रमण होगा तथा ग्वेलज्यू मंदिर के पास डोला विसर्जन किया जाएगा।
मुकेश जोशी ने कहा की राम सेवक सभा के अनुसार इस वर्ष महोत्सव में स्कूली बच्चों की झांकियों एवं छोलिया दलों के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं की झोड़ा, अर्खाड़ा एवं आकर्षक झांकियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राम सेवक सभा में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।
सभा ने बताया कि महोत्सव को भव्य एवं दिव्य रूप देने के लिए शासन, जिला प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन, मीडिया बंधुओं तथा जनता के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राम सेवक सभा ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां नन्दा-सुनन्दा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


