नैनीताल: बीडी पांडे अस्पताल के बाहर मिला छह माह का भ्रूण, मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में बीडी पांडे जिला अस्पताल के बाहर सड़क किनारे करीब छह माह का भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के डायरेक्टर कार्यालय के समीप सड़क किनारे सफाई के दौरान एक कर्मचारी को भ्रूण पड़ा दिखाई दिया। कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी। इसके बाद अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया।
जिला अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रोपती गर्ब्याल के अनुसार, बरामद भ्रूण की उम्र लगभग छह से साढ़े छह माह के बीच आंकी गई है। प्रारंभिक जानकारी में उपचार के दौरान भ्रूण की मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, भ्रूण अस्पताल के बाहर किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पिछले एक वर्ष के दौरान गर्भावस्था और गर्भपात से संबंधित जांच एवं उपचार के लिए अस्पताल पहुंची महिलाओं के रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी है। दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के माध्यम से भ्रूण की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भ्रूण अस्पताल के बाहर कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।


