पशुपालन विभाग द्वारा रामगढ़ क्षेत्र में लम्पी वायरस की रोकथाम के संबंध में लगाया गया जागरूकता शिविर, पशुपालकों को किया जागरूक
जनपद नैनीताल के विकासखण्ड रामगढ़ क्षेत्र के ग्राम मल्ली सिनौली में सोमवार को पशुपालन विभाग द्वारा लंपी स्किन डिजीज (Lumpy Skin Disease) के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के पशुपालकों एवं ग्रामीणों को लम्पी वायरस बीमारी के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव एवं रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पशु चिकित्सकों ने बताया कि लम्पी स्किन डिजीज गौवंशीय पशुओं में होने वाला एक संक्रामक रोग है, जो मुख्य रूप से मच्छरों, मक्खियों एवं अन्य कीटों के काटने से फैलता है। इस रोग में पशु के शरीर पर गांठें बन जाना, तेज बुखार आना, आंख-नाक से पानी आना, दूध उत्पादन में कमी एवं पशु का सुस्त हो जाना प्रमुख लक्षण हैं। शिविर में पशुपालकों को बताया गया कि, बीमार पशु को स्वस्थ पशुओं से तुरंत अलग रखें। पशु बाड़े के आसपास साफ-सफाई रखें एवं मच्छर-मक्खियों से बचाव के उपाय करें। पशुओं को समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करें, स्वयं उपचार न करें। संक्रमित पशु के संपर्क में आने के बाद हाथों को अच्छी तरह धोएं। इस अवसर पर पशुपालकों को विभागीय योजनाओं, टीकाकरण कार्यक्रम तथा पशु बीमा योजना की भी जानकारी दी गई। शिविर में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, ग्राम प्रधान, बड़ी संख्या में पशुपालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


