पहाड़ी से दूध निकलने का वीडियो वायरल, मौके पर जुटी भीड़; सामने आई असली वजह

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। बेतालघाट क्षेत्र में पहाड़ी से सफेद तरल पदार्थ बहने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में कौतूहल मच गया। वीडियो सामने आते ही कुछ लोगों ने इसे चमत्कार बताते हुए पहाड़ी से दूध निकलने का दावा किया और इसे भगवान शिव का आशीर्वाद तक बताया। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ भी जुटने लगी।

जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने पहाड़ी से सफेद रंग की धारा बहती देख उसका वीडियो बनाया था। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग इसे दैवीय घटना मानकर मौके पर पहुंचने लगे। कई लोगों ने सफेद तरल पदार्थ को माथे पर लगाने के साथ ही वहां की मिट्टी भी घर ले जानी शुरू कर दी।

हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि जिस स्थान से सफेद तरल पदार्थ बहता दिखाई दे रहा था, उसके ठीक ऊपर दुर्गापुरी धाम मंदिर स्थित है। मंदिर में प्रतिदिन भगवान का दुग्धाभिषेक किया जाता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर में चढ़ाए जाने वाले दूध और जल की निकासी के लिए पाइपलाइन लगाई गई है। यह पाइपलाइन पहाड़ी के बीच तक निकली हुई है। पाइपलाइन से बाहर निकलने के बाद दूध और पानी चट्टानों तथा मिट्टी के रास्ते नीचे की ओर बहता है। दूर से देखने पर यह धारा पहाड़ी के भीतर से निकलती हुई प्रतीत होती है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

मौके की स्थिति स्पष्ट होने के बाद पहाड़ी से दूध निकलने और इसे चमत्कार बताए जाने संबंधी चर्चाओं पर विराम लग गया। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली सूचनाओं की वास्तविकता की पुष्टि किए बिना उन पर विश्वास करने से बचने की जरूरत भी बताती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page