रामनगर में सड़क किनारे खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, हुआ लाखों का नुकसान
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। तेलीपुरा रोड पर खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UK 04 CB 1531 में मंगलवार शाम करीब 5 बजे अज्ञात कारणों से आग लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले ट्रक से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना स्थल पर कई अन्य ट्रक भी खड़े थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई थी। आग पास में खड़े दूसरे ट्रक तक भी पहुंच गई और उसके अगले हिस्से में आग लग गई, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से आसपास खड़े वाहनों को तुरंत हटाया गया। जिन ट्रकों के चालक मौके पर मौजूद नहीं थे, उन्हें क्रेन की सहायता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
ट्रक मालिक जाहिद हुसैन ने बताया कि उनका एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया है, जबकि दूसरे ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि वाहन का बीमा कराया गया है और उन्होंने विभाग तथा इंश्योरेंस कंपनी से नुकसान की भरपाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।


