यातायात नियमों का अनुपालन करने के साथ ही स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का करें सम्मान- डीएम ललित मोहन रयाल, सुनिए पूरी वीडियो

ख़बर शेयर करें

जनपद नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते पर्यटकों की संख्या के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं अतिथियों से अपील करते हुए कहा है कि वह यातायात नियमों का अनुपालन करने के साथ ही स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का अवश्य सम्मान करें।
उन्होंने कहा कि जनपद में बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए सभी आगंतुकों का दायित्व है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे अनियोजित ढंग से खड़ा न करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।
उन्होंने पर्यटकों से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक मूल्यों को अपनाने और उनका सम्मान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अतिथि सत्कार के लिए देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है।

    जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों का हृदय से स्वागत है। उन्होंने कहा पर्यटक यहां की प्राकृतिक सौंदर्य एवं सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ-साथ अपने साथ सकारात्मक अनुभव और अच्छा संदेश लेकर जाएंगे।
जिलाधिकारी ने इस संबंध में जिला प्रशासन सहित पुलिस, परिवहन,नगर निकाय,जिला पंचायत, पेयजल व पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिले में आने वाले पर्यटकों,आगन्तुकों हेतु सभी सड़क मार्गों क्षेत्रों में यातायात व्यस्था सुदृढ़ रखने के साथ ही पार्किंग स्थलों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित रखें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page