(बड़ी खबर)- हल्द्वानी में 5 वर्षीय मासूम की उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से मौके पर हुई मौत
हल्द्वानी मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को एक बेहद दिल दहलाने वाले हादसे ने सभी को झकझोर दिया। सड़क पार कर रही लगभग 5 वर्षीय मासूम की उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची का नाम कनक बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है की रुद्रपुर डिपो की बस (Uk 06 PA 1726) ने बच्ची को सामने से टक्कर के दौरान करीब 20 मीटर तक घसीट दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के चलते कनक के साथ दो और बच्चे भी मौजूद थे, जो की बाल बाल किसी तरह बच गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे उसके शीशे टूट गए और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे के चलते मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। तिकोनिया से लेकर भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। साथ ही, पुलिस द्वारा यातायात को सुचारू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।


