(बड़ी खबर)- 12 फिट विशाल अजगर को कांकड़ का शिकार करते हुए देखकर बल्दियाखान क्षेत्र में मची अफरा-तफरी

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल के बल्दियाखान क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक विशाल अजगर को कांकड़ का शिकार करते हुए देखा। लगभग 12 फीट लंबे अजगर को आबादी के बेहद करीब देखकर लोगों में डर का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके के पास पहुंचा, जहां उसने एक कांकड़ को पकड़ लिया। कुछ ही देर में अजगर ने पूरे शिकार को निगलना शुरू कर दिया। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। कई लोगों ने घटना के वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके का निरीक्षण किया। तब तक अजगर शिकार निगलने के बाद झाड़ियों की ओर बढ़ चुका था। वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने बताया कि अजगर फिलहाल रिहायशी क्षेत्र से लगभग 500 मीटर दूर है। उन्होंने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि वे अजगर के पास जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें। विभाग की ओर से अजगर को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page