ब्रेकिंग। नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर खाई में गिरी पर्यटकों से भरी टवेरा, सभी सात लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्यूलिकोट स्थित एक नंबर बैंड के पास गुरुवार सुबह पर्यटकों से भरी एक टवेरा टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों, एसडीआरएफ और ज्यूलिकोट पुलिस की तत्परता से सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार टवेरा टैक्सी (संख्या UK04 TA 3876) सात पर्यटकों को लेकर नैनीताल से हल्द्वानी की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक नंबर बैंड के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैक्सी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
एसडीआरएफ के एसआई मनोज रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और ज्यूलिकोट पुलिस के सहयोग से छह यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक अन्य यात्री को विषम परिस्थितियों के बीच सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया गया।
ज्यूलिकोट के एसएसआई विमल मिश्रा ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। दुर्घटना में टवेरा टैक्सी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक घायल पर्यटकों की पहचान की प्रक्रिया जारी थी।


