उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने 17 मई को प्रस्तावित स्नातक स्तरीय परीक्षा की तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

ख़बर शेयर करें

नकलविहीन भर्ती परीक्षाएं उन्नत प्रशासन के लिए आधारशिला हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों का चयन होता है। यह बात उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने 17 मई को प्रस्तावित स्नातक स्तरीय परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कही।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को समान अवसर, योग्य अभ्यर्थियों के चयन, जनता में आयोग व सरकार के प्रति विश्वास तथा बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं हेतु पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा कराना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस, कक्ष निरीक्षकों सहित एक्ज़ाम में ड्यूटी पर लगाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के लिए नई एसओपी जारी की गई है, हर व्यक्ति को अपने कार्य का पता होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा केन्द्रों पर किसी भी प्रकार का सामान रखने की व्यवस्था नहीं की जायेगी। सभी परीक्षा कक्षों हेतु जैमर की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना के साथ ही एआई आधारित निगरानी की शुरूआत की जा रही तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति ली जायेगी। परीक्षा से एक दिन पहले पुसिल तथा एसडीएम तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्र की व्यवस्थाओं का अवश्य निरीक्षण लें। आयोग द्वारा ऑब्जर्वर्स तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट्स को भी ऑब्जर्व किया जाये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा के दृष्टिगत संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नज़र रखी जाये।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि एक्ज़ाम सेंटर प्रस्तावित करते समय सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखा जाये, किसी भी संदिग्ध सेंटर को प्रस्तावित न किया जाये। यह भी सुनिश्चित कर लिया जाये कि वह सेंटर 17 मई को प्रस्तावित किसी सेन्ट्रल एक्ज़ाम के लिए तो प्रस्तावित नहीं है। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी आपस में समन्वय बनाकर कार्य करें। जिसका जो दायित्व है, वह उसका पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी परीक्षा के लिए नामित अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ परीक्षा तिथि से पूर्व अपने स्तर पर बैठक करते हुए आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा एसओपी की सम्पूर्ण जानकारी दी जाये।

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शिता नकलविहीन कराने के लिए आयोग वचन बद्ध है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी किसी भी दलाल के झांसे में न आये बल्कि स्वयं पर विश्वास करते हुए एक्ज़ाम की तैयारियां करते हुए एक्ज़ाम दें।

बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसपी सिटी मनोज कत्याल सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page