सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मां कोट भ्रामरी मंदिर डंगोली, गरुड़ में आयोजित नंदाष्टमी मेले का किया उद्घाटन

ख़बर शेयर करें

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मां कोट भ्रामरी मंदिर डंगोली, गरुड़ में आयोजित नंदाष्टमी मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मां कोट भ्रामरी मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। उन्होंने डॉ. बी आर अंबेडकर जी की प्रतीमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र हेतु कोट भ्रामरी मेले हेतु फंड की व्यवस्था, बागेश्वर जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जाने, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, गरूड़ में कम्प्यूटर साइंस और सिविल इंजीनियरिंग ट्रेड की स्वीकृति प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजे जाने, पी०जी०कॉलेज, गरूड में शिक्षा सत्र 2022-23 से विभिन्न विषयों की कक्षाओं का संचालन करने की स्वीकृति किए जाने हेतु संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजे जाने, बागेश्वर – चौखुटिया मोटर मार्ग की स्वीकृति, कोट भ्रामरी मेले को राजकीय मेला प्राथमिकता से घोषित किये जाने की बात कही।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बागनाथ जी, बैजनाथ जी, कोट भ्रामरी देवी, चंडिका देवी सहित श्रीहरु मंदिर एवं गौरी उडियार के देवी देवताओं को शीश झुकाकर नमन किया । उन्होंने कहा बागेश्वर के निकट रामघाट मंदिर, अग्निकुंड मंदिर, रामजी मंदिर, लोकनाथ आश्रम, सूरजकुंड, गोपेश्वर धाम, गोलू मंदिर, एवं प्रकतेश्वर महादेव सहित देवभूमि के नाम से विख्यात उत्तराखंड को कई मत बख्शी हैं। कुदरत, प्राकृतिक सौंदर्य की अद्भुत आभा पर्यटकों को विस्मृत करने के साथ यहां बार-बार आने को विवश कर देता है, इसी जनपद के कपकोट तहसील के झूनी गांव स्थित सरयू नदी का उद्गम स्थल सरमूल और सहस्त्रधारा भी ऐसा ही मनोरम और पावन स्थल है। उन्होंने कहा सहस्त्रधारा से पूर्व सीएम कोश्यारी जी का विशेष लगाव रहा है उनका यज्ञोपवीत संस्कार भी सहस्त्रधारा में ही हुआ था।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार के संकल्प अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता के लिये समिति का गठन कर दिया है। समिति की तीन बैठकें भी हो चुकी हैं जल्द ही ड्राफ्ट के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार मुक्त करने हेतु 1064 ऐप लॉच किया गया है, जिसके अंतर्गत सरकार द्वारा 2 करोड़ का रिवॉलविंग फण्ड का भी प्रविधान भी कर दिया गया है, साथ ही ट्रैप मनी का भुगतान 15 दिन में किये जाने की भी व्यवस्था कर दी गई है। उन्होने कहा सरकार द्वारा सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर फोकस किया गया है, ताकि आम जनता के इस मंत्र के साथ सरकारी सुविधाएं पहुंचे। सचिवालय में सोमवार को नो मिटिंग डे रखा गया है, जिला स्तरीय अधिकारियों को सोमवार से शुक्रवार तक प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालयों पर रहने के निर्देश दिये गये है ।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देव भूमि है यहां देवताओं का वास है चारों धाम गंगा यमुना ऐसी तमाम नदियां प्राकृतिक सौंदर्य इस धारा में मौजूद है देश की प्रगति में उत्तराखंड अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा प्रधानमन्त्री के नेतृत्व में देश और देशवासियों में आशा, विश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उनके नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। वैश्विक स्तर पर भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। देश में नई कार्य संस्कृति की शुरूआत हुई है। समरस, समर्थ एवं शक्तिशाली भारत की पहचान देश व दुनिया में हुई है। उनके बारे में जितना कहा जाए कम है। उनके नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को भी संवारने का कार्य हो रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी में भव्य कारिडोर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य केदारपुरी का निर्माण कार्य चल रहा है एवं बद्रीनाथ में मास्टर प्लान की तैयारी की जा रही है। कश्मीर में धारा 370 हटा कर दो विधान दो निशान की परम्परा को समाप्त करने का कार्य उन्होंने किया है। उन्होंने कहा केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड में एयर कनेक्टिविटी सड़क कनेक्टिविटी को लगातार बढ़ाने का कार्य कर रही है।

समाज कल्याण मंत्री चंदन राम दास ने कहा कि कोट भ्रामरी मेला एक ऐतिहासिक मेला है, जिसमें कुमाऊं, गढ़वाल की जनता प्रतिभाग करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री का अभिनंदन स्वागत किया। उन्होंने बागेश्वर रोडवेज स्टेशन को डिपो बनाने पर आभार व्यक्त किया, कहा कि कल डिपो का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास होगा। भ्रष्टाचार करने वाला प्रदेश में बच नहीं सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री से कोट भ्रामरी मेले को राजकीय मेला घोषित करने, बागेश्वर जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति (इस हेतु गरूड़ में 400 नाली भूमि उपलब्ध है), राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, गरूड़ में कम्प्यूटर साइंस और सिविल इंजीनियरिंग ट्रेड की स्वीकृति प्रदान करने, मुख्यमंत्री घोषणा के अन्तर्गत पूर्व में सम्मिलित पी०जी० कॉलेज, गरूड़ में शिक्षा सत्र 2022-23 से विभिन्न विषयों की कक्षाओं का संचालन करने की स्वीकृति, जनता जूनियर हाईस्कूल, भिटारकोट व जूनियर हाईस्कूल, अयारतोली का प्रान्तीकरण, बागेश्वर-चौखुटिया मोटर मार्ग की स्वीकृति प्रदान करने, बागेश्वर-टनकपुर रेल लाइन की वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022- 2023 में स्वीकृति, मुख्यमंत्री घोषणा के अन्तर्गत पूर्व में सम्मिलित तहसील कफलीगैर में डिग्री कॉलेज प्रारंभ करने व वर्तमान शिक्षा सत्र 2022-23 है इससे कक्षाओं का संचालन करने की स्वीकृति, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पंत क्वैराली का प्रांतीकरण एवं उच्चीकरण, पालड़ी से जैनकरास मोटर मार्ग व गुरना से नैनीउड़ियार मोटर मार्ग का डामरीकरण का अनुरोध किया। सांसद अजय टम्टा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य दिनों दिन उन्नति कर रहा है, तथा उत्तराखंड राज्य की परिकल्पना को साकार कर रहा है। उन्होंने मां कोट भ्रामरी का आशीर्वाद हम सभी पर बनी रहने की कामना की। उन्होंने कहा सरकार द्वारा प्रत्येक गांव, घर-घर तक सड़क सेवाएं पहुंचायी जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारियां दी व प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने सभी को मेले की बधाई दी। विधायक कपकोट सुरेश गड़िया ने कहा कि मां की पूजा-अर्चना के लिए हम सब यहां आए है। उन्होंने मेले में मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन करते हुए सहभागी बने जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा भगवती मां सभी की मनोकामना पूर्ण करें। श्री गडिया ने कहा मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। हम सभी भी मुख्यमंत्री के संकल्प पूर्ण करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

मेला संरक्षक शिव सिंह बिष्ट ने कत्यूरी घाटी में सभी उपस्थित अतिथियों, जनमानस का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश को देश का सर्वोच्च राज्य बनाने में लगातार प्रयासरत हैं। मेला संरक्षक पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने मंच से मुख्यमंत्री के सम्मान में अभिनंदन पत्र पढ़ा। मेला अध्यक्ष हेमा बिष्ट ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रीना जोशी, पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, ब्लाक प्रमुख हेमा बिष्ट, कपकोट गोविन्द दानू, बागेश्वर पुष्पा देवी, पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, मेला कमेटी उपाध्यक्ष बलवंत भंडारी, सचिव देवेंद्र गोस्वामी, बबलू नेगी, देवेंद्र परिहार, सुनील दोसाद, डी के जोशी, सुनीता आर्या, नीतू आर्या, दीपा जोशी, गोदावरी आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक खुल्बे, गोपाल किरमोलिया, चंदन थायत, महेश ठाकुर, कैलाश बोरा, प्रकाश कोहली, चंद्र सिंह बड़सीला, रोहित कुमार आदि मौजूद थे।

You cannot copy content of this page