विशेषज्ञ 06 डॉक्टरों के तबादले से नैनीताल में बढ़ी चिंता, जनप्रतिनिधियों ने आदेश निरस्त करने की उठाई मांग

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय से एक साथ छह विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले के बाद नैनीताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता गहरा गई है। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इससे अस्पताल में मरीजों के इलाज पर सीधा असर पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार स्थानांतरित किए गए चिकित्सकों में फिजिशियन, सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और ईएनटी विशेषज्ञ सहित अन्य डॉक्टर शामिल हैं। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के हजारों मरीजों के लिए प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टरों के एक साथ तबादले से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों ने नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि पहले से ही अस्पताल में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी हुई है, ऐसे में छह डॉक्टरों का एक साथ स्थानांतरण उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से तबादला आदेश पर पुनर्विचार करने और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब बीडी पांडे जिला चिकित्सालय को दुर्गम से सुगम श्रेणी में शामिल किया गया है, तब भी अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो मरीजों को इलाज के लिए हल्द्वानी और अन्य शहरों का रुख करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि मरीजों के हित को देखते हुए तबादला आदेश निरस्त किया जाए या फिर स्थानांतरित चिकित्सकों के स्थान पर तत्काल नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page