वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, चार महिला अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

देहरादून। वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री के यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार महिला अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाओं ने कथित रूप से फिनायल का सेवन कर लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा चारों महिलाओं को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य की स्थिति स्थिर है।

नर्सिंग अभ्यर्थी लंबे समय से वर्षवार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि नियमित भर्ती नहीं होने से हजारों प्रशिक्षित युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी स्वास्थ्य मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद चार महिला अभ्यर्थियों के कथित रूप से फिनायल पीने की सूचना मिली। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी को अस्पताल भिजवाया।

घटना के बाद अस्पताल और स्वास्थ्य मंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि चारों महिलाओं की पहचान की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक महिला की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अस्पताल पहुंचकर सभी महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

घटना के बाद नर्सिंग भर्ती का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। प्रदर्शनकारी सरकार से वर्षवार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page