घर की चौखट से उद्यमिता तक: 5 महिलाओं ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई मिसाल

ख़बर शेयर करें

भीमताल विकासखंड के भीमेश्वर ग्राम संगठन की पाँच महिलाएं, जो कभी केवल घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित थीं, आज अपनी मेहनत और हौसले से आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। सीमित आय और संसाधनों के कारण उनके लिए खुद का व्यवसाय शुरू करना एक कठिन सपना था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत प्राप्त ₹7,00,000 (सात लाख रुपये) के ऋण ने उनके जीवन में एक नई दिशा दी। इस आर्थिक सहयोग से इन 5 महिलाओं ने भीमताल विकास भवन परिसर में “मिलेट बेकरी ग्रोथ सेंटर” की स्थापना की—जो आज उनकी पहचान बन चुका है।

यह बेकरी सेंटर न केवल इन महिलाओं के लिए आय का सशक्त स्रोत बना है, बल्कि समाज में रोजगार सृजन का भी माध्यम बना है। यहां से 3 अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है। वर्तमान में यह समूह प्रति माह लगभग ₹60,000 तक की आय अर्जित कर रहा है, जो उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा रहा है।
इन महिलाओं की यह प्रेरणादायक सफलता कहानी आत्मनिर्भर भारत अभियान, महिला सशक्तिकरण और मिलेट्स को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त उदाहरण है। यह दर्शाती है कि यदि सरकारी योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाया जाए, तो कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page