गुप्तकाशी के शिक्षक हितेंद्र शर्मा को मिलेगा ‘युवा शिक्षण उत्कृष्टता सम्मान’
गुप्तकाशी। श्री गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय, गुप्तकाशी के वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष हितेंद्र शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘Young Teaching Excellence Award’ (युवा शिक्षण उत्कृष्टता सम्मान) से सम्मानित किया जाएगा। उनके चयन की खबर से महाविद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विभागाध्यक्ष को शिक्षण के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने B.Com., M.Com. एवं CA के विद्यार्थियों को शिक्षण प्रदान करते हुए शैक्षणिक मार्गदर्शन के साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया है। विद्यार्थियों को विषय की बेहतर समझ विकसित कराने के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, करियर मार्गदर्शन और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना उनके शिक्षण कार्य की प्रमुख विशेषताओं में शामिल रहा है।
शिक्षण कार्यकाल में उन्होंने हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है। उनका प्रयास रहा है कि विद्यार्थी केवल परीक्षा और डिग्री तक सीमित न रहें, बल्कि ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने भविष्य का निर्माण करें।
विभागाध्यक्ष हितेंद्र शर्मा को इससे पूर्व ‘Best Teacher Award’ से भी सम्मानित किया जा चुका है। लगातार मिल रहे सम्मान उनके शिक्षण के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के साथ उनके प्रभावी जुड़ाव को रेखांकित करते हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए ‘Young Teaching Excellence Award’ उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस सम्मान से महाविद्यालय परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों में खुशी है। सभी ने श्री शर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


