हेम चंद्र आर्य ने मजबूत दावेदारी करते हुए क्षेत्र के विकास का विजन रखा जनता के सामने
नैनीताल/भवाली। 58-विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता हेम चंद्र आर्य ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत करते हुए क्षेत्र के विकास के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत बताई है। इसके साथ ही ग्राम सभाओं को जोड़ने वाली लिंक सड़कों का निर्माण और डामरीकरण कराया जाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा पहुंचने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़ने में आसानी होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। इसके साथ ही ग्राम सभाओं को जोड़ने वाली लिंक सड़कों का निर्माण और डामरीकरण कराया जाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा पहुंचने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़ने में आसानी होगी।
हेम चंद्र आर्य ने कहा कि भवाली सेनिटोरियम को करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की दिशा में उनके स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से आवश्यक धनराशि अवमुक्त कराने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि भवाली में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त अस्पताल बनने से कुमाऊं के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ अथवा अन्य बड़े शहरों में जाने की मजबूरी कम होगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय तथा आर्थिक दोनों स्तर पर राहत मिलेगी।
आर्य ने कहा कि भवाली में बढ़ती आबादी और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए सीवर व्यवस्था को बेहतर करना और पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। भवाली में व्यवस्थित सीवर लाइन और पार्किंग की सुविधा विकसित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, ताकि स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान पार्किंग की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। इसके समाधान के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों में नई पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाना आवश्यक है। उनका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के साथ पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
हेम चंद्र आर्य ने कहा कि क्षेत्र के पर्वतीय गांवों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जगह-जगह होम स्टे विकसित कर ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खान-पान और प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना को सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर व्यापक स्तर पर विकसित किया जा सकता है। इससे पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी और गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। हेम चंद्र आर्य ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, मजबूत सड़क नेटवर्क, व्यवस्थित पार्किंग, आधुनिक सीवर व्यवस्था और रोजगारपरक पर्यटन के माध्यम से विकास की नई दिशा देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहते हुए उन्होंने हमेशा क्षेत्र और जनता के हितों को प्राथमिकता दी है और आगे भी इसी भावना के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।
वहीं, उनके समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं और विकास की संभावनाओं को लेकर हेम चंद्र आर्य की स्पष्ट सोच है और उन्हें विधानसभा चुनाव में एक बार अवसर मिलने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है।


