नैनीताल की सुंदरता और पर्यटन हित में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने किया टिकट घर निर्माण कार्य का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें



नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन महत्व को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद नैनीताल की अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने बोट हाउस क्लब के समीप निर्माणाधीन टिकट घर का स्थलीय निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने पाया कि प्रस्तावित टिकट घर लगभग दस फीट ऊँचा एवं नौ फीट चौड़ा बनाया जा रहा है, जिससे नैनी झील का प्राकृतिक दृश्य प्रभावित हो सकता है। इस पर उन्होंने दीप जोशी को निर्देशित करते हुए कहा कि टिकट घर के आकार को कम करते हुए पुनः निर्माण कराया जाए, ताकि झील का दृश्य अवरुद्ध न हो और पर्यटकों को नैनीताल की सुंदरता पूर्ववत दिखाई दे।


उन्होंने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में पर्यावरण संरक्षण, सौंदर्यीकरण और नगर की ऐतिहासिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने भी अनियोजित निर्माण, अत्यधिक कंक्रीटीकरण और हरित क्षेत्रों में कमी को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि प्राकृतिक स्थलों पर संतुलित विकास नहीं हुआ तो इससे पर्यटन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नैनीताल की सुंदरता, स्वच्छता और पर्यटन महत्व को बनाए रखने हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यों की निरंतर निगरानी की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान गोविन्द जोशी, चन्दन जोशी, दिनेश राम, शारुख, अमन, संजीव त्रिपाठी, दीवान सिंह, गोविंद सिंह तथा अजय उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page