ताकुला में बड़ा हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में समाई कार, चार घायल
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर ताकुला के पास मंगलवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही ग्रे रंग की आई-10 कार यूके-07 एएम-7810 ताकुला के समीप पहुंची थी। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में पलटता हुआ जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ताकुला निवासी बसंत मेहरा अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने करीब 300 मीटर नीचे खाई में उतरकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया और सभी घायलों को एंबुलेंस व कोतवाली के वाहन से बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में नवीन चंद्र (28), कैलाश चंद्र (66), नितेश (23) और देवी दत्त (63) घायल हुए हैं। चारों के पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल निवासी होने की जानकारी सामने आई है। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का उपचार शुरू करते हुए एक्स-रे और अन्य जांच कराई।
बताया जा रहा है कि चारों लोग किसी कार्य से हाईकोर्ट जाने के लिए नैनीताल आ रहे थे। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
तल्लीताल कोतवाली के एएसआई सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि की है।


