नैनीताल के युवा कलाकार सूर्यांश राणा को भजन गायन में तृतीय स्थान
नैनीताल के प्रतिभाशाली युवा कलाकार सूर्यांश राणा ने भजन गायन के क्षेत्र में एक और सफलता अपने नाम की है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर हल्द्वानी में आयोजित “सुर वंदिता भजन प्रतियोगिता” में उन्होंने वरिष्ठ वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय पुरस्कार हासिल किया।
यह प्रतियोगिता शेरदा अनपढ़ कला एवं साहित्य समिति के तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर से 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सूर्यांश ने अपनी भावनात्मक प्रस्तुति, सुरों की शुद्धता और संगीत की गहरी समझ से निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया।
गौरतलब है कि सूर्यांश राणा लंबे समय से शास्त्रीय एवं भजन गायन में सक्रिय हैं और विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। इससे पूर्व वे आगरा में आयोजित “निनाद प्रतियोगिता” में भी सम्मानित हो चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि के पीछे पिता दिनेश राणा, माता निधि राणा के निरंतर सहयोग के साथ-साथ गुरु नवीन बैगाना का मार्गदर्शन अहम रहा है। सूर्यांश की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और कला जगत से जुड़े लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


