दुष्कर्म समेत गंभीर आरोपों में नरेश पांडे गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। मल्लीताल पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और महिला से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में मुख्य आरोपित नरेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को पीड़िता की शिकायत के आधार पर मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म, मारपीट, धमकी सहित अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस टीम 8 जुलाई की रात आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके भवाली स्थित आवास पहुंची। इस दौरान आरोप है कि उसने और उसके परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण कर कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश की और आत्महत्या की धमकी भी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे घर के भीतर से हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपित ने कथित रूप से किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन करने का प्रयास किया। पुलिस उसे तत्काल बी.डी. पांडे चिकित्सालय, नैनीताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार पूरा होने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उसे अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्रवाई को प्रभावित करने के प्रयास के संबंध में मुकदमे में एक अन्य धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नरेश पांडे के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, सरकारी आदेशों के उल्लंघन और अन्य मामलों से संबंधित मुकदमे शामिल हैं।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निष्पक्ष और कानूनसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जांच या पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


