नैनीताल में दर्दनाक हादसा: होटल की खिड़की से गिरा तीन वर्षीय मासूम, इलाज के दौरान दिल्ली में मौत

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। सरोवर नगरी घूमने आए मध्यप्रदेश के एक पर्यटक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब होटल की खिड़की से गिरने से उनका तीन वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। कई अस्पतालों में इलाज के बावजूद मासूम की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह उनका तीन वर्षीय पुत्र गौरांत कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह होटल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिर गया।
हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय में तैनात डॉ. सुनील परिहार के अनुसार, बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई थी। हल्द्वानी में जांच के दौरान उसके सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उसे दिल्ली स्थित फोर्टिस अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मासूम गौरांत ने दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना से परिवार गहरे सदमे में है। हादसे के बाद होटल में सुरक्षा व्यवस्थाओं और छोटे बच्चों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page