कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पांच घायल, देखिये पूरी वीडियो……
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर खुर्पाताल क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनसा देवी मंदिर के पास मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या GJ18BK9777 में सवार सभी लोग नोएडा में काम करते हैं और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे 15 अगस्त की छुट्टी मनाने के लिए नोएडा से नैनीताल घूमने आए थे। खुर्पाताल के पास मनसा देवी मंदिर से पहले मोड़ पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों व पर्यटकों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
खाई काफी गहरी होने और वाहन के नीचे गिरने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर घायलों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। सभी पांच घायलों को खाई से निकालकर खुर्पाताल गांव की ओर लाया गया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। हालांकि घायलों की वर्तमान स्थिति और चोटों की आधिकारिक जानकारी अस्पताल एवं प्रशासन की ओर से पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के दौरान स्थानीय लोगों के साथ खुर्पाताल में ठहरे पर्यटकों ने भी मानवता की मिसाल पेश करते हुए रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


