अल्मोड़ा में भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबकर मां समेत बेटा-बेटी की मौत
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र के वडयूडा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मकान ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची।
बताया गया कि मंगलवार सुबह जिला कंट्रोल रूम और आपदा प्रबंधन विभाग को वडयूडा गांव में मकान ढहने की सूचना मिली थी। मकान के मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासन की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले सड़क पर मलबा आने के कारण वाहन आगे नहीं जा सके। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने पैदल ही उपकरण लेकर गांव का रुख किया। मौके पर पहुंचने के बाद टीमों ने स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर सर्विस के साथ मिलकर मलबे में सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से तीन लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी, 19 वर्षीय कल्पना आर्या और 18 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गुलाब राम मकान के बाहर बने कमरे में सो रहा था, जिसके चलते वह सुरक्षित बच गया।
हादसे की सूचना के बाद गांव में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य किया गया।


