ज्योलीकोट क्षेत्र में पीलिया-डायरिया का प्रकोप, तीन दिन बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। ज्योलीकोट क्षेत्र के कई गांवों में पीलिया और डायरिया जैसी बीमारियों के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। बीमारी की चपेट में स्कूली बच्चे भी आ रहे हैं। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र के प्रभावित विद्यालयों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तीन दिन के अवकाश की मांग की थी। इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी की ओर से जारी आदेश के अनुसार ज्योलीकोट क्षेत्र के चिन्हित शिक्षण संस्थानों में 1 सितंबर से 3 सितंबर तक अवकाश रहेगा।

आदेश के तहत ज्योलीकोट, भल्यूटी, बेलुवाखान और गांजा क्षेत्र के प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों के साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज, सेंट एन्थोनी कॉन्वेंट, हिमालयन एकेडमी, बाल संसार सैनिक स्कूल तथा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यह कदम संक्रमण को फैलने से रोकने और छात्रहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए उठाया है।

घर-घर जाकर पानी किया जा रहा शुद्ध

बीमारी के संभावित कारणों को देखते हुए पेयजल की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट अपने स्तर से प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर पेयजल टैंकों में हाइपो आदि डालकर पानी को शुद्ध करने का काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण की स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को जल्द राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page