कुमाऊं विश्वविद्यालय व सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में एल-एल०बी० व एल-एल०एम० में मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया शुरू

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल व सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा से संबद्ध समस्त राजकीय, अशासकीय तथा स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों व संस्थानों में सत्र 2026–27 के लिए एल-एल०बी० एवं एल-एल०एम० पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शासन के पत्र दिनांक 24 सितंबर 2026 के अनुपालन में इस सत्र में प्रवेश परीक्षा के स्थान पर मेरिट के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट https://ukentrance.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन पत्र पंजीकरण की प्रक्रिया 07 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके पश्चात मेरिट आधारित परिणाम 23 अक्टूबर 2026 को घोषित किए जाएंगे तथा काउंसलिंग व प्रवेश की अपेक्षित तिथि 25 अक्टूबर 2026 रखी गई है। आवेदन शुल्क के रूप में सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) एवं ई०डब्ल्यू०एस० श्रेणी के अभ्यर्थियों को 2,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व दिव्यांग अभ्यर्थियों को 1,500 रुपये का भुगतान करना होगा, जिसके साथ समर्थ पोर्टल पंजीकरण के लिए 50 रुपये का अतिरिक्त शुल्क भी शामिल रहेगा।
पूर्व में प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया गया है कि उन्हें नवीन विज्ञप्ति के अनुसार दोबारा पंजीकरण या आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी; उनका पूर्व में किया गया आवेदन ही मान्य रहेगा। हालांकि, ऐसे सभी अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाने वाली करेक्शन विंडो के माध्यम से अपने पूर्व आवेदन में न्यूनतम अर्हता (स्नातक) के प्राप्तांकों का विवरण अनिवार्य रूप से अपडेट करना होगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page