नैनीताल के मार्शल आर्ट खिलाड़ियों ने जम्मू में रचा इतिहास: नेशनल वोविनम चैंपियनशिप में जीते 13 मेडल

- नगर के नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के 15 सदस्यीय दल ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया नैनीताल व उत्तराखंड का मान
- खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर झटके 4 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य पदक
- क्लब के 7 सदस्यों ने नेशनल रेफरी कोर्स भी किया सफलतापूर्वक उत्तीर्ण
नैनीताल। जम्मू-कश्मीर के जम्मू स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (भगवती नगर) में आयोजित 15वीं नेशनल वोविनम चैंपियनशिप में नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्तराखंड राज्य का गौरव बढ़ाया है। वोविनम एसोसिएशन ऑफ इंडिया (VAI) के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में क्लब के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 13 मेडल अपने नाम किए।
नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य एवं सचिव विनोद कुमार वैद्य के कुशल दिशा-निर्देशन और टीम हेड व मुख्य कोच विष्णु सर के बेहतरीन मार्गदर्शन में इस चैंपियनशिप के लिए कुल 15 सदस्यीय दल जम्मू रवाना हुआ था। प्रतियोगिता में देश भर के शीर्ष खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देते हुए नैनीताल के मार्शल आर्ट्स योद्धाओं ने 4 स्वर्ण (Gold), 2 रजत (Silver) और 7 कांस्य (Bronze) पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
इन खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक (Gold Medal):
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग (ओवर 18 आयु वर्ग) के अंतर्गत -50 किलोग्राम भार वर्ग में सागर सिंह अधिकारी और -54 किलोग्राम भार वर्ग में सिद्धार्थ सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग (अंडर 18) के 42-46 किलोग्राम भार वर्ग में लक्ष्य अधिकारी और सब-जूनियर (अंडर 10 आयु वर्ग) के 24-27 किलोग्राम भार वर्ग में मानस डालाकोटी ने स्वर्णिम पंच लगाते हुए देश में पहला स्थान प्राप्त किया।
रजत पदक विजेता (Silver Medal):
सीनियर वर्ग के 54-58 किलोग्राम भार वर्ग में विभोर भट्ट और जूनियर बालिका वर्ग (अंडर 18) के 48-52 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियंशी टम्टा ने शानदार फाइट लड़ते हुए रजत पदक पर कब्जा किया।
कांस्य पदक विजेता (Bronze Medal):
क्लब के 7 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर टीम की झोली में डाले। इनमें सीनियर महिला वर्ग (48-52 किग्रा) में भूमिका बनवाल, सीनियर वर्ग (75-81 किग्रा) में योगेंद्र, सीनियर महिला वर्ग (40-44 किग्रा) में रीता आर्या, जूनियर वर्ग (52-56 किग्रा) में विशाखा राजपूत, जूनियर वर्ग (34-40 किग्रा) में याचना टम्टा, अंडर-14 वर्ग (40-44 किग्रा) में प्रियंशु आर्या और अंडर-14 वर्ग (40-44 किग्रा) में ही अम्बिका शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त टीम के सदस्य कामाक्षी रावत (अंडर 18) और कृतज्ञ धामी (अंडर 14) ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
रेफरी कोर्स में भी पाई सफलता:
मेडल जीतने के साथ ही नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के 7 सदस्यों—विश्वकेतु वैद्य, योगेंद्र, विभोर भट्ट, सागर सिंह अधिकारी, भूमिका बनवाल, रीता आर्या और प्रियंशी टम्टा ने नेशनल रेफरी कोर्स (National Referee Course) को सफलतापूर्वक पास किया और प्रतियोगिता में आधिकारिक रेफरी के रूप में भी सराहनीय योगदान दिया।
गौरवपूर्ण सफलता पर बधाईयों का तांता:
खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व राष्ट्रीय सफलता पर क्लब के संरक्षक सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, ‘वोविनम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड’ के अध्यक्ष ऋषिपाल एवं सचिव विनोद लखेड़ा, उत्तराखंड टीम कोच व नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य, सचिव विनोद कुमार वैद्य, डॉ मनोज सिंह बिष्ट, डी एस ए महासचिव मनोज जोशी, कैंट नैनीताल की सीईओ तनु जाट, डॉ युगल जोशी, जगदीश बवाड़ी, जीवंती भट्ट, प्रगति जैन, गज़ाला कमाल, धर्मेंद्र सिंह, बहादुर सिंह रौतेला, क्लब की सीनियर खिलाड़ी मानसी बर्गली, तानिया, मयंक, दिव्यांश मेहरा, अमित, तौफ़ीक़, भूमिका गोस्वामी, सुयश साह, यशिका, अनमोल समेत सभी खिलाड़ियों ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही नगर के तमाम खेल प्रेमियों और सभी अभिभावकों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अपार खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ के इन बच्चों ने राष्ट्रीय पटल पर जो मुकाम हासिल किया है, वह बेहद गौरवशाली है। यह ऐतिहासिक जीत क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगी।


