पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक किया गया स्मरण
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री तथा देश के पूर्व गृहमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मुख्य कार्यक्रम मल्लीताल नैनीताल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पंडित पंत जी की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा स्वतंत्रता के पश्चात राष्ट्र निर्माण में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने प्रभारी मंत्री जनपद अल्मोड़ा होने के नाते अल्मोड़ा में “पंडित गोविंद बल्लभ पन्त” जी का भव्य मंदिर, मूर्ति और स्मारक बनकर तैयार हो गया है। पंडित गोविंद बल्लभ पंत संयुक्त प्रांत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के पद को सुशोभित किया तथा उन्हें “भारत रत्न” से भी सम्मानित किया गया। आज पूरा देश हमारे भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी को याद करता है।
माननीय कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि अगर आपके अगल-बगल में, आपके कस्बे में, आपकी नगर पालिका में कोई बच्चा निराश्रित है तो आप जिलाधिकारी को अवगत कराएं। हमने हर जिले में हॉस्टल बनाए हैं जिनमें ऐसे बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। माननीय मंत्री जी ने एक और निवेदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और राज्य सरकार द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में 28 लाख परिवार निवास करते हैं और लगभग 30 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं हमें अपने प्रदेश को नशा मुक्त करने की प्रेरणा लेनी होगी। इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और युवाओं को नशा करने के बदले दूध पीने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और आगंतुकों को माननीय कैबिनेट मंत्री द्वारा दूध का वितरण किया गया और स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर माननीय विधायक, नैनीताल सरिता आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने कुमाऊं क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक उत्थान के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और किसानों, गरीबों एवं समाज के वंचित वर्गों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने बताया कि पंडित पंत ने प्रशासन में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं और उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर माननीय विधायक सरिता आर्या ने अपने क्षेत्र के दो स्कूलों का उच्चिकरण की मांग शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी जिस पर उन्होंने स्वीकृति का आश्वासन जाहिर किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि पंडित पंत ने हमारे क्षेत्र का नाम पूरे देश दुनिया में बढ़ाया। हम सौभाग्यशाली हैं कि उनके अथक प्रयासों से आजाद भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने देश को आजादी दिलाने में अपना पूरा जीवन संघर्ष में बिताया, स्वतंत्रता आंदोलन चलाया और उसमें भागीदारी की। उन्होंने अल्मोड़ा के खुंट गांव से निकलकर देश की राजनीति में पहचान बनाई। गोविंद बल्लभ पंत ने इस देश को और प्रदेश को एक नई दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की आजादी के बाद गोविंद बल्लभ पंत ने जहां इस प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री के रूप में उद्योग स्थापित किए, यहां की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण कार्य किया और देश हमारा कृषि की दृष्टि से भी आत्मनिर्भर बने जैसे अनेक क्षेत्रों में कार्य किया। शिक्षा के क्षेत्र में अनेक प्रकार के स्कूल स्थापित किए। जिसमें भारत का पहला कृषि विश्वविद्यालय तात्कालिक नैनीताल जिले के तराई में स्थापित किया। इस कृषि विश्वविद्यालय में बच्चे अध्ययन के साथ ही साथ शोध करते थे। जहां से भारत को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक वैज्ञानिक हुए।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत द्वारा जहांगीर राजू, संपादक हिंदुस्तान, अमर, उजाला के वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र पांडे,गिरीश रंजन तिवारी,दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, दीपक वर्गली, भावना कांडपाल, डॉ नेहा साह, चंद्रशेखर जोशी, चंद्रा पंत और गिरीश रंजन तिवारी को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह प्रस्तुत कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाले खुर्पाताल निवासी नवल कुमार, कविता मेहरा को भी गोविंद बल्लभ पंत सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं गायन की प्रस्तुति कर रहे स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया ।
इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा व दिनेश चंद्र आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत,भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, पूर्व विधायक नारायण जयंतवाल, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नैनीताल, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष भाजपा, पूर्व सभासद दीपक बर्गली, पूरनं मेहरा, दीपक कुमार भोला, पूरन सिंह, किशन सिंह रौतेला शासकीय अधिवक्ता, चंद्रशेखर रावत, गजाल कमाल, सपना बिष्ट, लता दफोटी, गीता उप्रेती, सुरेंद्र कुमार, मीनू बुधलाकोटी, राजू लाल, राजेश लाल, प्रदीप सहदेव, विक्की कुमार सहित जिला शिक्षा अधिकारी व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नैनीताल आदि उपस्थित रहे।


