सड़क सुविधा को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज, डॉ. भुवन आर्य ने दिया समाधान का भरोसा

नैनीताल। नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के बेलुवाखान ब्लॉक के कुण और सोलिया गांव में भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क सुविधा की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
रविवार को कुण गांव में हुई बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक सड़क नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान रास्तों की स्थिति और खराब हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल या अन्य जरूरी कार्यों के लिए गांव से बाहर ले जाने में होती है।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को जल्द पूरा कराने की अपील की। इस पर डॉ. भुवन चंद्र आर्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क समस्या को संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार स्तर तक पहुंचाकर इसके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
बैठक के दौरान डॉ. आर्य ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों से उठाने की अपील की।
युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने गौलापार में प्रस्तावित प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और बरसात में उनकी दिक्कतें और बढ़ जाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण को लेकर जल्द ठोस पहल होगी।
इस दौरान सुंदर सिंह बिष्ट, नंदन सिंह, जीवन सिंह मेहरा, हरीश सिंह गढ़िया, गोविंद, राजन सिंह, पूरन सिंह, इंद्रा मेहरा, गरिमा मेहता, रेखा बिष्ट, दीपा भट्ट, मनीषा मेहरा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।


