10 नवंबर तक रोड नहीं खुली तो 11 नवंबर को बड़ा आंदोलन – पुनीत टंडन
नैनीताल से संध्या शर्मा की रिपोर्ट
नैनीताल के लोअर मॉल रोड को खोलने को लेकर मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने प्रशासन और विभाग को सख्त चेतावनी दी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि लोअर मॉल रोड का संघर्ष अभी जारी है और अब तारीखें असीमित रूप से नहीं बढ़ाई जाएंगी।
पुनीत टंडन ने बताया कि विभाग द्वारा उन्हें लिखित में आश्वासन दिया गया था कि लोअर मॉल रोड को *10 अक्टूबर * तक खोल दिया जाएगा। इसी लिखित आश्वासन के बाद धरने को स्थगित किया गया था। बाद में व्यापार मंडल ने गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के लिए विभाग को एक माह का अतिरिक्त समय देते हुए नई डेडलाइन 10 नवंबर तय की थी।
उन्होंने कहा कि हाल ही में कैंची धाम में हुई बैठक में उच्च अधिकारी राजेश पंत द्वारा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक ट्रैफिक के लिए रोड खोलने का आश्वासन दिया गया है। वहीं कमिश्नर दीपक रावत ने भी अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह मामला नवंबर तक नहीं जाना चाहिए।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने साफ कहा कि यदि 10 नवंबर तक लोअर मॉल रोड को ट्रैफिक के लिए नहीं खोला गया, तो 11 नवंबर को उनके द्वारा बड़ा कदम उठाया जाएगा।
इस बड़े कदम का सार्वजनिक डिक्लेरेशन और प्रशासन-विभाग को औपचारिक सूचना 1 नवंबर को दी जाएगी।
टंडन ने कहा, “नैनीताल के हित में मेरा संघर्ष जारी है, मैं कोई भी कॉम्प्रोमाइज कदापि नहीं करूंगा।”
गौरतलब है कि लोअर मॉल रोड बंद होने से नगर के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


