पीली कोठी चौराहे पर देर रात हंगामा, भगदड़ जैसी स्थिति के बाद 20 गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

हल्द्वानी। थाना मुखानी क्षेत्र के पीली कोठी चौराहे के पास 6 अगस्त की देर रात दो गुटों के बीच विवाद के बाद सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 20 लोगों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 20 लोगों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सभी 20 लोगों का चालान कर कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

मारपीट की पुष्टि नहीं

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वहीं, दोनों पक्षों की ओर से भी घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान यदि मारपीट या किसी अन्य दंडनीय कृत्य के साक्ष्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह के हुड़दंग से बचने को कहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page