(बड़ी खबर)- मेले में पर्ची के नाम पर वसूली का मामला, दुकानदारों में नाराजगी
नैनीताल से संध्या शर्मा की रिपोर्ट

नैनीताल। नगर में चल रहे मेले के दौरान दुकानदारों को पर्चियां देकर पैसे लिए जाने का मामला सामने आया है। कुछ दुकानदारों का कहना है कि पर्ची देने वाले लोगों द्वारा पैसे देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और पैसे नहीं देने पर दुकान हटाने की बात कही जा रही है।

दुकानदारों के अनुसार, यह वसूली नगर पालिका के नाम पर की जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर पर्चियां किसके आदेश पर काटी जा रही हैं और वसूली के लिए संबंधित लोगों को किस स्तर से अधिकृत किया गया है।
दुकानदारों का कहना है कि यदि यह नगर पालिका की अधिकृत वसूली है तो इसकी स्पष्ट जानकारी और अधिकृत आदेश सामने आना चाहिए। वहीं, यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति पालिका के नाम पर दुकानदारों से धनराशि वसूल रहा है, तो यह गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

मांग है कि संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच करे, पर्चियों की सत्यता और वसूली की अनुमति की जांच की जाए तथा दुकानदारों को धमकाने की शिकायत भी गंभीरता से ली जाए। जांच में यदि वसूली गलत तरीके से किए जाने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।



