(ब्रेकिंग न्यूज़)- नैनीझील से फिर मिला युवक का शव, एक सप्ताह में तीसरी घटना से शहर में बढ़ी चिंता
नैनीताल से अंकिता की रिपोर्ट
नैनीताल। नैनीताल की नैनीझील से मंगलवार सुबह एक और युवक का शव बरामद होने से शहर में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मल्लीताल निवासी 31 वर्षीय प्रकाश आर्य के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय होटल में कार्यरत था। वह पिछले तीन दिनों से लापता था। एक सप्ताह के भीतर नैनीझील से तीसरा शव मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश आर्य कुछ दिन पहले रात में अपने एक मित्र से मिलने की बात कहकर होटल से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पहले होटल प्रबंधन ने उसकी तलाश की और अगले दिन परिजनों को सूचना दी। खोजबीन के दौरान पाषाण देवी मंदिर के पास झील किनारे उसका बैग, कपड़े, जूते और दूध की बोतल मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मंगलवार सुबह पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनीझील में एक शव उतराता दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान बाद में प्रकाश आर्य के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
लगातार एक सप्ताह में नैनीझील से तीसरा शव मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे मामलों की रोकथाम को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


