नयना देवी मंदिर मार्ग पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही से बढ़ी चिंता, अस्पताल के बाहर अवैध पार्किंग बनी मुसीबत
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। शहर के सबसे व्यस्त और प्रतिबंधित क्षेत्रों में शामिल पंत पार्क से मां नयना देवी मंदिर तक दोपहिया वाहनों की लगातार आवाजाही स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है। वहीं बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के बाहर सड़क किनारे टैक्सी वाहनों की अवैध पार्किंग से मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद पर्यटक और स्थानीय निवासी बाइक व स्कूटी लेकर मंदिर तक पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर के पास खड़े दोपहिया वाहनों से श्रद्धालुओं और पैदल चलने वालों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
बताया जा रहा है कि पहले इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित था, लेकिन मंदिर माला मिशन के तहत हुए सौंदर्यीकरण के बाद यहां दोपहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ने लगी। पर्यटन सीजन और सप्ताहांत पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
इधर, बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के बाहर सड़क किनारे खड़े टैक्सी वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम जल्द ही विशेष अभियान चलाएगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के साथ ही अवैध पार्किंग के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


