डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने पर्याप्त मात्रा में जल संग्रहण करने के साथ जनता से पानी की बरबादी को रोकने एवं मित्तव्ययता बरतने अपील की

ख़बर शेयर करें

जनपद के सभी विद्युत सब स्टेशन (बिजली घर) सही से संचालित हों और सब स्टेशनों को किसी भी प्रकार की क्षति न हो। यह निर्देश जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने विद्युत कार्मिकों की हड़ताल के दौरान वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में वीसी के माध्यम से समीक्षा करते हुए मुख्य अभियंता विद्युत, राजस्व तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को दिये।
श्री गर्ब्याल ने मुख्य अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि बिजली घरों को सफलतापूर्वक संचालित करने हेतु आवश्यक सबस्टेशन ऑपरेटरों, सुरक्षा हेतु आवश्यक पुलिस की मांग तुरन्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने मांग के अनुसार आईटीआई तथा उपनल के माध्यम से कुशल सबस्टेशन ऑपरेटरों की तैनाती हेतु सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को दिये। उन्होंने सब स्टेशनों की सुरक्षा हेतु मांग अनुसार सब स्टेशनों पर तुरन्त पुलिस मुहैया कराने के निर्देश एसपी सिटी हल्द्वानी को दिये।
श्री गर्ब्याल ने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में ट्यूबवेल तथा फिल्टरेशन प्लांटों को सफतापूर्वक संचालित करने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था के रूप में 20 से 25 विद्युत जनरेटरों की व्यवस्था तत्काल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को पानी के 60 टेंकरों की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार विभिन्न क्षेत्रों में टेंकरों से पानी की आपूर्ति की जाये तथा पेयजल आपूर्ति हेतु टेंकरों के चक्कर भी बढ़ाये जायें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखा जाये तथा धन की आवश्यकता होने पर तुरन्त धनराशि की मांग की जाये। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जल संस्थान के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होंने किसी भी प्रकार की घटना के घटित होने पर त्वरित कार्यवाही हेतु तुरन्त सूचना जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश विद्युत तथा जल संस्थान के अधिकारियों को दिये।
जिलाधिकारी श्री गर्ब्याल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि विद्युत व्यवस्था बाधित होने की दशा में पेयजल आपूर्ति भी बाधित होने की संभावना है। लिहाज़ा पर्याप्त मात्रा में जल संग्रहण कर के रखें। उन्होंने जनता से पानी की बरबादी को रोकने एवं मित्तव्ययता बरतने की अपील की।
वीसी में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.सन्दीप तिवारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, मुख्य अभियंता विद्युत श्री गर्ब्याल, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल कुमार सक्सेना, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, गौरव चटवाल, विजयनाथ शुक्ल, मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान संतोष उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page