राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने किया नई दिल्ली में प्रो. के.पी. सिंह द्वारा संपादित पुस्तकों ‘द लीडरशिप फनल’ एवं ‘थॉट टू इंक’ का लोकार्पण
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज नई दिल्ली में प्रो. के.पी. सिंह द्वारा संपादित पुस्तकों ‘द लीडरशिप फनल’ एवं ‘थॉट टू इंक’ का लोकार्पण किया। यह पुस्तकें राज्यपाल के उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनसेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित हैं।
विमोचन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ये पुस्तकें केवल प्रकाशन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनसेवा के संकल्प और राष्ट्रहित के दृष्टिकोण का जीवंत दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि ‘द लीडरशिप फनल’उनके व्यक्तिगत कार्यकाल की नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के युवाओं, महिलाओं, सैनिकों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और कर्मयोगियों की सामूहिक यात्रा को प्रतिबिंबित करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में चार दशकों से अधिक सेवा और राज्यपाल के रूप में दायित्व निर्वहन के दौरान‘राष्ट्र प्रथम’उनके जीवन का मूल आधार रहा है। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का मार्ग विकसित राज्यों से होकर गुजरता है और उत्तराखण्ड को शिक्षा,अनुसंधान,नवाचार, पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्मिकता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि‘थॉट टू इंक’केवल विचारों का संग्रह नहीं,बल्कि राष्ट्र निर्माण,शिक्षा,युवा सशक्तिकरण,सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद का प्रयास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये पुस्तकें युवाओं,शोधार्थियों,प्रशासकों और समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करेंगी। राज्यपाल ने प्रो.के.पी.सिंह,प्रकाशक संदीप जैन एवं अटल प्रकाशन की टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए उनके शोध,समर्पण और परिश्रम की सराहना की।


