CM धामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्रांति- आधुनिक ICU से आयुष तक और नई अस्पताल सुविधाओं से मजबूत हो रहा नैनीताल का हेल्थकेयर मॉडल
नैनीताल से संध्या शर्मा की रिपोर्ट
जनस्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता: आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से बदल रही आमजन की जिंदगी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है। प्रदेश में “स्वस्थ उत्तराखंड” और “आयुष प्रदेश” के संकल्प को साकार करते हुए जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। आधुनिक आईसीयू, अत्याधुनिक आयुर्वेदिक चिकित्सालय और महिला अस्पताल के नए भवन एवं पार्किंग जैसी परियोजनाएं आमजन को बेहतर, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां बनकर सामने आई हैं।
गंभीर मरीजों को बड़ी राहत: बेस अस्पताल में शुरू हुआ आधुनिक 9 बेड का ICU
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप लगभग ₹2 करोड़ की लागत से हल्द्वानी के बेस चिकित्सालय में स्थापित 9 बेड का अत्याधुनिक ICU अब पूरी तरह संचालित हो चुका है। आधुनिक जीवनरक्षक मशीनों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ से सुसज्जित इस ICU के शुरू होने से अब कुमाऊँ मंडल के गंभीर मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों या हायर सेंटर का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ICU में 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार की व्यवस्था की गई है। चार एनेस्थेटिस्ट, अनुभवी नर्सिंग स्टाफ तथा विशेषज्ञ फिजिशियन एवं सर्जनों की तैनाती से गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो रहा है। यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
‘आयुष प्रदेश’ के विजन को नई पहचान: कुमाऊँ का सबसे बड़ा 50 बेड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय बना जनविश्वास का केंद्र
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आयुष प्रदेश” के संकल्प को साकार करते हुए जनपद नैनीताल में कुमाऊँ का सबसे बड़ा 50 बेड का आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित किया गया है। यह चिकित्सालय आज उत्तराखंड ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए भी भरोसे का केंद्र बन चुका है।
यहां प्रतिदिन 30 से 50 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मात्र ₹10 की ओपीडी शुल्क पर विशेषज्ञ परामर्श तथा निःशुल्क दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बुखार, खांसी, जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, सायटिका सहित अनेक जटिल रोगों का आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार किया जा रहा है। साथ ही पंचकर्म जैसी विशेष चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को कम खर्च में प्रभावी उपचार मिल रहा है।
महिला स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती: आधुनिक अस्पताल भवन के साथ पार्किंग सुविधा भी होगी उपलब्ध
महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने हल्द्वानी महिला चिकित्सालय के लिए लगभग ₹10 करोड़ की लागत से आधुनिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन की पहल पर अब अस्पताल परिसर में पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को वाहन पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी तथा अस्पताल परिसर अधिक सुव्यवस्थित और सुगम बनेगा। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मरीजों की सुविधा और सम्मान को भी प्राथमिकता देने वाली सरकार की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाती है।
स्वास्थ्य सेवाओं में नया विश्वास, जनकल्याण के संकल्प को मिल रही मजबूती
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार आधुनिक चिकित्सा, आयुष प्रणाली और आधारभूत स्वास्थ्य ढांचे को समान प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार कर रही है। गंभीर मरीजों के लिए आधुनिक ICU, सस्ती एवं प्रभावी आयुर्वेदिक चिकित्सा तथा महिलाओं के लिए बेहतर अस्पताल सुविधाएं इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में दीर्घकालिक और जनहितकारी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य क्षेत्र की ये उपलब्धियां केवल आधारभूत संरचना का विस्तार नहीं, बल्कि आम नागरिकों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण हैं।


