(महत्वपूर्ण खबर)-विद्यार्थियों को केवाईसी (KYC) की अनिवार्यता
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के मार्गदर्शन में गवर्मेंट डिग्री कॉलेज किशनपुर गोलापार हल्द्वानी में वित्तीय साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थी एवं ग्रामीण नागरिकों को बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय सेवाओं तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को केवाईसी (KYC) की अनिवार्यता, री-केवाईसी की प्रक्रिया, केंद्रीय केवाईसी (CKYC), सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार, डिजिटल लेन-देन के समय बरती जाने वाली सावधानियाँ, फर्जी कॉल, संदेश एवं लिंक के माध्यम से होने वाली साइबर धोखाधड़ी से बचाव, तथा इनके आर्थिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारी भरत आनंद, सुरेश बिष्ट वित्तीय साक्षरता परामर्श दाता द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्रदान कीं गई।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षित, सतर्क एवं जिम्मेदार बैंकिंग व्यवहार अपनाकर ही वित्तीय धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से समय-समय पर केवाईसी अद्यतन कराने, किसी भी प्रकार के प्रलोभन या लालच में न आने तथा अपने बैंक खाते का दुरुपयोग न होने देने की अपील की।शिविर में विद्यार्थियों
की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। प्रतिभागियों ने वित्तीय सुरक्षा, डिजिटल बैंकिंग एवं धोखाधड़ी से बचाव से जुड़े विषयों पर गहरी रुचि दिखाई तथा कई उपयोगी प्रश्न भी पूछे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित
शिक्षक अन्य कर्मचारीयो ने इस प्रकार के शिविरों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर आरसेटी स्टाफ नवीन आर्य भी उपस्थित रहे।


