कैंची धाम /भवाली/भीमताल क्षेत्र में वीकेंड पर जानिए👉विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान व शटल सेवा व्यवस्था लागू

ख़बर शेयर करें

जनपद नैनीताल में स्थित कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में वीकेंड (शनिवार एवं रविवार) के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए यातायात को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

वीकेंड के दौरान निम्नलिखित व्यवस्थाएँ प्रभावी रहेंगी—

1- भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था
प्रत्येक वीकेंड के दौरान कैंची धाम, भवाली एवं भीमताल क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने हेतु अल्मोड़ा/रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब एवं खैरना से डायवर्ट कर वाया रामगढ़/मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा।

2- पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों की व्यवस्था
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से संबंधित भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से संचालित होते रहेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार समय-समय पर मस्जिद तिराहा, भवाली से पूर्व रोका जाएगा अथवा उन्हें रामगढ़ व खुटानी मोटर मार्ग से अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

3- भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग व शटल सेवा
बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले पर्यटक, जो अपने निजी वाहनों से वाया भीमताल होते हुए कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली/कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु भेजा जाएगा।

4- नैनीताल/गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग व शटल सेवा
जो पर्यटक अपने निजी वाहनों से वाया गेठिया/नैनीताल होते हुए कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, उनके वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर दर्शन हेतु भेजा जाएगा।

पुलिस की अपील

समस्त पर्यटकों, श्रद्धालुओं, आमजन, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अनुरोध है कि वीकेंड के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए जारी यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा सुविधा मिल सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page