‘कैंची धाम’ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नैनीताल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी -सुनिए पूरी वीडियो……
बाबा नीब करोरी महाराज के पावन धाम ‘कैंची धाम’ के 15 जून को स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नैनीताल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है।
इस महापर्व पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
ट्रैफिक जाम और असुविधा से बचने के लिए इस बार विशेष यातायात प्लान तैयार किया गया है।
काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल और भवाली से कैंची धाम के लिए निरंतर शटल बस सेवा संचालित की जा रही है।
सभी श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से इन निर्धारित स्थलों तक पहुंच सकते हैं, जहाँ से वे शटल सेवा के माध्यम से आसानी से कैंची धाम आ और जा सकेंगे।
पैदल मार्ग (जंगलात बैरियर) से आगे चलने में असमर्थ बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा की विशेष व्यवस्था की गई है, जो उन्हें सीधे मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंचाएगी।
दर्शनार्थियों की सुरक्षा के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ATS एवं SDRF को तैनात किया गया है।
सिविल पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के कर्मी सुरक्षा और निगरानी के लिए पूरे क्षेत्र में सादे कपड़ों में भी मुस्तैद रहेंगे।
नैनीताल पुलिस सभी आगंतुकों/श्रद्धालुओं से अपील करती है कि अपनी यात्रा पर निकलने से पहले नैनीताल पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर जारी की गई विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी का अध्ययन अवश्य कर लें। कैंची धाम परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में गंदगी या कूड़ा-कचरा न फैलाएं। पवित्र मन और भक्ति भाव के साथ दर्शन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। भीड़भाड़ के दौरान किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचें और कतार में लगकर शांतिपूर्वक बाबा के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण करें।


