नैनीताल में बड़ा हादसा टला, पैरापिट तोड़कर 20 फीट गहरी खाई में गिरी टाटा सफारी, चालक और पालतू कुत्ता सुरक्षित

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। नगर के मेट्रोपोल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार टाटा सफारी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट को तोड़ते हुए करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। सौभाग्य से वाहन नीचे गहरी खाई में गिरने के बजाय बीच में समतल स्थान पर अटक गया, जिससे चालक और उसके पालतू कुत्ते की जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली नंबर (DL 6 CM 2568) की टाटा सफारी मेट्रोपोल की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार पैरापिट तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए बी.डी. पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। चालक स्थानीय निवासी बताया जा रहा है और उसका इलाज जारी है। कार में मौजूद उसका पालतू कुत्ता भी पूरी तरह सुरक्षित बच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन बीच में नहीं रुकता और सीधे गहरी खाई में गिर जाता, तो हादसा बेहद गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता था।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page