नैनीताल: तेज बारिश के बीच घर पर गिरा विशाल पेड़, तीन लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, दो घायल
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। गुरुवार रात लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच न्यू पवेलियन होटल के समीप एक मकान पर विशालकाय पेड़ गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोग करीब आधे घंटे तक घर के भीतर फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ के एसआई मनोज भाकुनी ने बताया कि रात करीब आठ बजे मकान पर पेड़ गिरने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत कार्य शुरू किया। इस दौरान कुछ लोग समय रहते घर से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि पेड़ और मलबे के कारण तीन लोग अंदर ही फंस गए थे।
हादसे में घायल 58 वर्षीय अब्दुल वाशिद और 32 वर्षीय दीवान आर्या को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
रेस्क्यू टीम ने घर की चारदीवारी पर गिरे पेड़ को काटकर रास्ता साफ किया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।


