उत्तरायणी पर्व पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामनैनीताल।
उत्तरायणी पर्व के अवसर पर 14 जनवरी 2026 को जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं एसपी संचार रेवाधर मठपाल द्वारा जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जनपद के सभी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, मेला स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।
इसी क्रम में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी एवं सीओ हल्द्वानी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता एवं पुलिस टीम द्वारा तिकोनिया, मंगल पड़ाव, सदर बाजार, मीरा बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा फुट पेट्रोलिंग एवं एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की गई। अराजकता एवं नियम उल्लंघन के मामलों में 81 पुलिस अधिनियम के तहत 11 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। सभी थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान जारी है।
नैनीताल पुलिस की प्राथमिकता जनपद में शांति सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखना है ताकि आमजन निर्भय होकर पर्व का आनंद ले सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चेकिंग के दौरान सहयोग करें, आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


