नैनीताल में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम लागू, बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट


नैनीताल। जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर अब जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे के निर्देश के बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर इस नियम का पालन शुरू हो गया है। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं।
इसके अलावा नैनीताल जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से संबंधित प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं, ताकि जिले में आने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों को पहले से नियमों की जानकारी मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के समय में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने के कई मामलों में हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण सामने आया है। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने की आदत को बढ़ावा देना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page