नैनीताल में तेंदुए का आतंक: गोशाला में घुसकर 14 बकरियों को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल/ज्योलीकोट। नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर रात एक तेंदुआ गोशाला में घुस गया और वहां बंधी 14 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गेठिया सैनिटोरियम निवासी प्रकाश चंद्र की गोशाला में देर रात लगातार बारिश के बीच तेंदुआ घुस आया। बारिश के कारण किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग गोशाला पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

गोशाला में 11 बकरियां मृत पड़ी मिलीं, जबकि तीन बकरियों को तेंदुआ जंगल की ओर घसीटकर ले गया। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार बढ़ती गतिविधियों से लोगों में भय का माहौल है। शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। उन्होंने पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा दिलाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

उधर, वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आकाश गंगवार ने बताया कि पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page