नैनीताल: माँ नयना देवी मंदिर में युवक के प्रवेश से मचा हड़कंप, पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ा
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। मल्लीताल स्थित प्रसिद्ध माँ नयना देवी मंदिर में मंगलवार दोपहर एक युवक के प्रवेश को लेकर कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवक कुर्ता-पायजामा और कैप पहनकर मंदिर परिसर में पहुंचा। उसने प्रवेश द्वार पर चप्पल उतारी और हनुमान मंदिर में दर्शन कर टीका भी लगाया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर उससे जानकारी लेने की कोशिश की। पहले युवक ने इशारों में खुद को बोलने में असमर्थ बताया, लेकिन बाद में सुरक्षा कर्मियों को उसके व्यवहार पर और संदेह हुआ।
सुरक्षा जांच के दौरान युवक ने अपनी बाहरी कैप हटाई, जिसके अंदर उसने सफेद गोल टोपी पहन रखी थी। तलाशी में उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने एहतियातन मल्लीताल कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम-पता उत्तर प्रदेश के जौनपुर का बताया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद युवक को छोड़ दिया।
मंदिर प्रबंधन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर की व्यवस्था को देखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्कता बरती जाती है।


