नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। शहर के तल्लीताल क्षेत्र में मंगलवार को एसबीआई बैंक के पीछे एक युवक अचेत अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय शारिक पुत्र स्वर्गीय ताहिर खां, निवासी घेर फारूक शाह खान, इमली वाली मस्जिद, थाना कोतवाली रामपुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक कुछ देर पहले लड़खड़ाते हुए एसबीआई बैंक के पीछे की ओर गया था, जिसके बाद वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शारिक पिछले सात-आठ वर्षों से नैनीताल में रहकर पार्किंग और पर्यटक गाइड का कार्य करता था। पुलिस के अनुसार, वह अत्यधिक शराब का सेवन करता था। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page