नैनीताल। युवक की फेसबुक आईडी हैक, दोस्तों से मांगे जा रहे पैसे; साइबर सेल जांच में जुटी
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र के एक युवक की फेसबुक आईडी हैक कर उसके परिचितों से ऑनलाइन पैसे मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले को साइबर सेल के सुपुर्द कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभिषेक के अनुसार, उनकी फेसबुक प्रोफाइल ‘युवी मुल्तानिया नाम से संचालित होती है। अज्ञात हैकर ने उनके अकाउंट का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर फेसबुक मित्रों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की। कई परिचितों ने संदिग्ध संदेशों के स्क्रीनशॉट भेजकर उन्हें इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें अकाउंट हैक होने का पता चला।
पीड़ित ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनकी फेसबुक आईडी से आने वाले किसी भी पैसे संबंधी संदेश पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करें।
तल्लीताल के कोतवाल हरवाल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की सूचना साइबर सेल को दे दी गई है। साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


